डीएमई पर रॉन्ग साइड दौड़ी वैन ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। सामान डिलीवरी करने जा रहा ओमनी वैन कार चालक दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे में घुस गया। गाड़ी मोड़कर एनएच की ओर लेकर जा रहा था, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन लोग वैन से भीषण भिड़त हो गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबिक दो लोग कोमा में हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दोनों वाहनों को डीएमई से हटाकर थाना इंदिरापुरम में खड़ा किया है।
मूलरूप से बिहार के वैशाली जिला के रहने वाले अमन चौधरी (43) ग्रेटर नोएडा के चिपियाना बुजुर्ग में रहते हैं। उन्होंने नंदग्राम गांव के रहने वाले मुख्य ठेकेदार से दिल्ली स्थित नारायना की कंपनी में टीन शेड डालने का सब कांट्रैक्ट लिया था। वह अपने साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक के जितेंद्र कुमार(40) और चिपियाना के सोनू कुमार (38) के साथ डेढ़ माह से टीन शेट का काम कर रहे थे। शनिवार देर शाम को अमन, जिंद्र और सोनू के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर दिल्ली से चिपियाना ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। काला पत्थर से पहले आम्रपाली विलेज के सामने डीएमई पर रांग साइड से आ रही ओमनी वैन से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों उछलकर दूर जा गिरे। अमन के सिर पर ओमनी का पहिया चढ़ने से चिथड़े उड़ गए। वहीं जिंतेंद्र और सोनू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को लालुकुंआ स्थित मनीपाल हॉस्पिटल लेकर गई। जहां पर अमन को मृत घोषित कर दिया, वहीं जितेंद्र और सोनू कोमा में हैं। परिजनों ने जितेंद्र को जीटीबी दिल्ली रेफर करा लिया, वहीं सोनू को यशोदा में शिफ्ट कराया गया है। दोनों की हालत अति गंभीर बताई जा रही है।



