भाजपा नेता के शराब तस्कर पति ने चचेरे भाई पर चलाई गोली, पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार
लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
पीड़ित पक्ष की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट
पुलिस भाजपा नेताओं के दबाव में नहीं कर रही गिरफ्तारी
सूर्या बुलेटिनअमरोहा। अमरोहा के थाना सैदनगली क्षेत्र की धर्मशाला मंदिर कॉलोनी में अवैध शराब तस्कर द्वारा पिस्टल से फायर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फायर करने वाला स्थानीय महिला भाजपा नेता का पति है और उसके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं। इसके बाद भी उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है। शराब तस्कर ने अपने चचेरे भाई और उनकी पत्नी की हत्या के इरादे से फायर किए थे, गनीमत रही कि निशाना चूक गया। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है, लेकिन पुलिस ने स्थानीय भाजपा नेताओं के दबाव में आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जिसके कारण पीड़ित पक्ष दहशत में है। पीड़ित पक्ष को डर है कि आरोपी पक्ष उनके साथ कभी भी कोई गंभीर वारदात कर सकता है।जानकारी के अनुसार आरोपी अमित शर्मा की पत्नी वर्षा शर्मा स्थानीय भाजपा नेता हैं। अमित शर्मा के चचेरे भाई राजेश शर्मा उनके घर से कुछ ही दूरी पर रहते हैं। मामला शादी के रिश्ते को लेकर है। अमित शर्मा के बड़े भाई राजेश के बेटे की गाजियाबाद में रहने वाले एक युवक से शादी तय हुई है। अमित शर्मा इस शादी का विरोध कर रहे हैं। इस रिश्ते को खत्म करने को लेकर अमित शर्मा कई बार अपने बड़े भाई राजेश के साथ विवाद भी कर चुके हैं। आरोप है कि 22 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे बजे भाजपा नेता के पति अमित शर्मा अपने 10 साथियों के साथ चचेरे भाई राजेश शर्मा के घर में घुसे। पहले उनके साथ मारपीट की। इसके बाद गोली चला दी। चचेरे भाई का आरोप है कि भाजपा नेता के पति ने उनके साथ मारपीट की। जब घर की बेटियों ने उनको रोकने की कोशिश की, तो उनके कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ भी की। राजेश शर्मा की पत्नी लक्ष्मी शर्मा ने बताया कि 22 अक्टूबर की रात हम सब घर में थे। तभी बाहर चिल्लाने की आवाज आई। हम घर के बाहर निकले तो देखा अमित अपने 10 अन्य साथियों के साथ घर के बाहर खड़े थे। हमने पूछा क्या बात है। इस पर वो गाली-गलौज करने लगे। हमने विरोध किया तो मारपीट करने लगे। उनके साथ आए दबंग घर में घुस गए। मेरे पति से मारपीट करने लगे। जब बेटियों ने बीच-बचाव करना चाहा तो उनके साथ छेड़छाड़ की। उन्हें मारा-पीटा। उनके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने लक्ष्मी की शिकायत के आधार पर बॉबी शर्मा उर्फ अमित शर्मा, उनकी पत्नी वर्षा और बेटे शगुन सहित 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक लाइसेंसी पिस्टल हाथ में लेकर फायरिंग करता दिख रहा है। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
–भाजपा नेताओं के दबाव में नहीं हो रही गिरफ्तारीपीड़ित पक्ष का कहना है कि अमित उर्फ बॉबी शर्म की पत्नी वर्षा स्थानीय भाजपा नेता हैं, जिसके कारण पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण उन्हें डर है कि उनके साथ कभी भी कोई गंभीर वारदात हो सकती है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अमित उर्फ बॉबी अवैध शराब तस्करी के मामले में जेल भी जा चुका है, लेकिन भाजपा नेताओं के दबाव के कारण उसका असलहे का लाइसेंस निरस्त नहीं किया गया। अमित के पास लाइसेंसी असलहा है जिसे वह आए दिन दिखा कर हत्या की धमकी देता रहता है। अमित की इन धमकियों से पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से गुहार लगाने जा रहा है।



