नवीन फल सब्जी में कारोबारी से मांगी रंगदारी, मुकदमा
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित नवीन फल सब्जी मंडी में आढ़ती से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। खौफजदा व्यापारी ने एसीपी से मामले की शिकायत की। एसीपी के निर्देश पर लिंक रोड थाने में आरोपी भरत भाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवीन फल सब्जी मंडी में निजाम फ्रूट कंपनी के नाम से कारोबार करने वाले निजाम के अनुसार मंडी में ही आढ़त का काम करने वाला भरत भाटी कारोबारियों से रंगदारी वसूल करता है। आरोप है कि भरत भाटी ने फोन करके उनसे भी रंगदारी मांगी। आरोप है कि भरत भाटी ने धमकी दी कि अगर रंगदारी नहीं दी तो वह कारोबार नहीं करने देगा और उनके पास आने वाले व्यापारियों को भी नहीं आने देगा। धमकी भरा फोन आने के बाद वह बुरी तरह से डर गए और लिंक रोड थाने में शिकायत की, लेकिन थानेदार ने उन्हें अधिकारियों से मिलने का सुझाव दिया। जिसके बाद वह निजाम ने एसीपी साहिबाबाद से मिलकर अपनी शिकायत की। एसीपी के निर्देश पर लिंक रोड थाने में भरत भाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।



