दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में यूट्यूबर मनी मिराज पर मुकदमा
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। खोड़ा थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने मशहूर यू-ट्यूबर मनी मिराज उर्फ रमडी मिराज के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता से वारदात करीब ढाई वर्ष पहले हुई। आरोप यह भी है कि यू-ट्यूबर ने पहचान छिपाकर दोस्ती की और शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया। वर्तमान में जान से मारने की धमकी मिलने के बाद खतरा जताते हुए पीड़िता ने खोड़ा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने 22 सितंबर को छह धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मुकदमे में पीड़िता ने बताया कि करीब दो-ढाई वर्ष पहले मनी मिराज नेउनसे पहचान छिपाकर दोस्ती की थी। इसके बाद एक दिन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। होश में आने पर जब उन्होंने इसका विरोध किया तब आरोपी ने शादी करने का झांसा दिया। कुछ दिन बाद वह उन्हें अपने घर ले गया और शादी भी कर ली लेकिन इस बात को छिपाकर रखने को कहा। आरोप है कि इस दौरान लगातार यौन शोषण किया गया और धर्म परिवर्तन करने, कलमा पढ़ने व गोमांस खाने तक का दबाव उन पर बनाया गया। यहां तक कि गर्भपात भी कराने का भी आरोप पीड़िता ने लगाया है। बताया कि मिराज ने उनकी कमाई भी रखना शुरू कर दिया। नकद और ऑनलाइन माध्यम से आरोपी ने लाखों रुपये उनसे हड़प लिए। इसके कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि मिराज के कई अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं और वह पहले से शादीशुदा व है व उसके दो बच्चे भी हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तब आरोपी ने मारपीट की और परिवार वालों ने जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने अपनी जान को खतरा जताया है।
–वर्जन–
पीड़िता और आरोपी दोनों यू-ट्यूब चैनल में सहकर्मी थे। यू-ट्यूब चैनल आरोपी का है। हालांकि अभी जांच चल रही है। रुपयों के लेनदेन व अन्य आरोप से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—अभिषेक श्रीवास्तव, एसीपी इंदिरापुरम



