उत्तर प्रदेशगाज़ियाबादमहानगर

आनंद विहार-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन की लगेज बोगी में लगी आग

साहिबाबाद स्टेशन पर ट्रेन को रोक कर आग पर पाया गया काबू
दमकलों ने दो फायर टेंडर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
कुछ देर के लिए स्टेशन पर रहे भगदड़ जैसे हालात
सूर्या बुलेटिन

गाजियाबाद। दिल्ली आनंद विहार से बिहार के पूर्णिया जा रही पूर्णिया आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के जनरेटर और पार्सल कोच में गुरुवार सुबह साहिबाबाद स्टेशन पहुंचने पर अचानक आग लग गई। बोगी से धुआं निकलते देख ट्रेन को रोक दिया गया और दमकल को सूचना दी गई। आग तेजी से फैली और पूरी बोगी को चपेट में ले लिया। स्टेशन परिसर में धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। लगेज कोच से सटी यात्री बोगी में सवार यात्री भी निकल कर दूर भागने लगे। मौके पर पहुंचे दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आनंद विहार पूर्णिया एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन सुबह आनंद विहार रेलवे स्टेशन से 5.30 बजे रवाना हुई थी। साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन की लगेज-जनरेटर बोगी से धुआं उठने लगा। बोगी से धुआं निकलता देख ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन के पीछे मौजूद गार्ड ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद ट्रेन को सुबह लगभग 6 बजे साहिबाबाद स्टेशन पर रोका गया। सूचना के बाद साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगेज बोगी में लगी आग को बुझाया गया। इस कारण ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन पर सुबह 9 बजे तक खड़ी रही। आग बुझाने के बाद लगेज बोगी को बाकी यात्री बोगियां से अलग करके ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। यह ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर सुबह 6 बजे के बजाय साढ़े तीन घंटे की देरी से साढ़े 9 बजे पहुंची। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। ट्रेन में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। दिल्ली मंडल के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भगदड़ जैसे बने हालात
स्पेशल ट्रेन के साहिबाबाद स्टेशन पर रुकते ही दूसरी बोगियों में बैठे यात्री भी बाहर निकल आए। स्टेशन पर मौजूद यात्री भी प्लेटफार्म से दूर भागने लगे थे। कुछ देर के लिए प्लेटफार्म पर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। बोगी से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। सीएफओ राहुल पाल के अनुसार बोगी पूरी तरह से बंद थी, जिसके कारण आग बुझाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दो फायर टेंडरों की मदद से आग को दूसरी बोगियों में फैलने से रोका गया। लगेज बोगी का पिछला गेट खोलकर दमकलों ने पानी की बौछार की और सामान को बाहर निकाला। उनके अनुसार आग पर काबू पाने में लगभग दो घंटे का समय लगा। इसके बाद कूलिंग में भी कुछ समय लगा। आग को पूरी तरह से बुझाने के बाद बोगी को ट्रेन से अलग किया गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
जीआरपी ने संभाले हालात
जीआरपी प्रभारी नवरत्न गौतम ने बताया कि सूचना मिलने पर जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए थे। जीआरपी जवानों ने स्टेशन पर मची अफरा तफरी पर काबू किया और यात्रियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। लोगों को जलती हुई बोगी से दूर किया गया। जीआरपी जवानों ने आघ पर काबू पाने में दमकलों की मदद की। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट महसूस हो रहा है, हालांकि दमकल की तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया की ट्रेन में सवार सभी यात्री और उनका सामान सुरक्षित रहे केवल लगेज बोगी में आग लगी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button