60 किमी की रफ्तार से चली आंधी ने खोली अवैध यूनीपोल पोल

हिंडन की रेलिंग टूटकर गिरी, दर्जनों पेड़ उखड़े
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। बुधवार देर शाम अचानक आई आंधी से पूरे शहर का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। कई जगह यूनीपोल गिर गए और दर्जनों पेड़ उखड़ गए। हिंडन नहीं पर लगी रेलिंग भी गिर गई। कई जगह ट्रैफिक बाधित हुआ। लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि हादसों में किसी के घायल होने या मरने की सूचना नहीं है।
एनसीआर में देर शाम अचानक चली तेज आंधी ने हालात खराब कर दिए। सड़कों पर ट्रैफिक थम गया। इंदिरापुरम में अवैध रूप से लगा यूनीपोल गिर गया। शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से यूनीपोल लगाए गए हैं। जीडीए और नगर निगम के अधिकारियों की मिली भगत से लगाए ये अवैध यूनिपोल लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। जिनकी पोल आंधी ने खोल कर रख दी। इंदिरापुरम में लगा यूनीपोल अवैध रूप से लगा हुआ था और उसे लगाने में मानकों का भी पालन नहीं किया गया था। यूनिपोल गिरने से कई वाहन भी चपेट में आए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। यूनीपोल गिरने से सड़क पर जाम लग गया और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। हिंडन नदी की रेलिंग भी टूट गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अनुसार जिले भर से 30 से ज्यादा कॉल प्राप्त हुईं। इनमें पेड़ों के उखड़ने, पेड़ और टीन शेड भी हवा में उड़ गए। कई खोखे भी तेज आंधी में उड़ गए। लगभग एक घंटे तक पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौसम विभाग के अनुसार आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा थी। संबंधित विभाग नुकसान का आकलन करने में लगे हैं।