अपराधउत्तर प्रदेशगाज़ियाबादमहानगर

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने दी आत्मदाह की धमकी

महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके दी धमकी

पति के जेल जाने के बाद पति के दो सहयोगियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

महिला का आरोप रिपोर्ट दर्ज होेने के बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही पुलिस

सूर्या बुलेटिन

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि पति के जेल में होने के दौरान उनकी जमानत का झांसा देकर पति के सहयोगियों ने ही वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं पति के सहयोगियों ने जमानत के नाम पर उनसे 4 लाख रुपये भी ले लिए। महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। आरोप है कि 15 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। जिसके चलते महिला ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला के अनुसार उनके पति को 13 मई 2025 को शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में जेल भेज दिया था। जिसके बाद पति के सहयोगी श्यामदत्त शर्मा और नीरज शर्मा से उनकी मुलाकात हुई थी। श्याम दत्त शर्मा ने उन्हें पति को जेल में सुविधाएं दिलवाने और जल्द जमानत करवाने का आश्वासन दिया और इसके लिए 10 लाख रुपये की मांग रखी। दोनों ने उन्हें 15 मई 2025 को श्यामदत्त शर्मा के श्याम पार्क एक्सटेंशन स्थित दफ्तर बुलाया था। वह सुबह लगभग सवा 11 बजे वहां पहुंच गई थीं। आरोप है कि नीरज शर्मा ने उन्हें शीतल पेय पीने के लिए दिया, जिसे पीने के बाद वह बहुत ज्यादा नशे की हालत में हो गईं और उन्हें अपनी सुध नहीं रही। जिसके बाद दोनों उन्हें उठाकर दफ्तर में बने एक कमरे में ले गए और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसका उन्होंने वीडियो भी बनाया। होश में आने पर दोनों ने उन्हें वीडियो दिखाया और किसी से कुछ कहने पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने पति की जमानत और जेल में सुविधा दिलवाने के नाम पर दो बार में चार लाख रुपये लिए। महिला का आरोप है कि उन्हें वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर होटल में भी बुलाया गया। महिला का आरोप है कि लगभग तीन महीने तक दोनों आरोपी उनका शोषण करते रहे। 13 अगस्त 2025 को उनके पति की जमानत हो गई। आरोप है कि पति के जेल से आने के बाद भी श्यामदत्त शर्मा ने उन्हें ब्लैकमेल करना जारी रखा और होटल में आने का दबाव डाला। इसके साथ ही दो लाख रुपये की भी मांग की। ऐसा नहीं करने पर उनकी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। जिसके बाद 25 अगस्त 2025 को उन्होंने पति को मामले की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस आय़ुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 18 सितंबर 2025 को साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

–महिला ने दी आत्मदाह की चेतावनी
बुधवार के महिला ने एक वीडियो वायरल करके मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी दी है। 3 मिनट एक सैकंड के वीडियो में महिला ने अपने साथ हुई घटना को बताते हुए पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने और रिपोर्ट दर्ज होने के 15 दिनों बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने का आरोप लगाया है। वीडियो में महिला ने कहा कि सरकार की ओर से चलाया जाने वाला मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण का अभियान क्या ऐसे ही चलता है। वीडियो में महिला ने कहा कि उसके पास कोई और रास्ता नहीं है। महिला ने लोगों से पूछा है कि क्या उसे आत्मदाह कर लेना चाहिए।

–वर्जन
महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई थी। पुलिस टीम मामले में साक्ष्य जमा कर रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

–श्वेता यादव, एसीपी, साहिबाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button