सात साल की बच्ची का शव मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
-मां की डांट से नाराज होकर चली गई थी बच्ची
-24 घंटे बाद घर के पास में खाली पड़े प्लाट में मिला बच्ची का शव
-परिजनों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
-पुलिस पर पोस्टमार्टम में जानबूझकर देरी करने का आरोप
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मां की डांट सुनने के बाद लापता हुई सात वर्षीय बच्ची का 24 घंटे बाद शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव खाली पड़े प्लाट में पानी से भरे गड्ढे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर पानी भरे गड्ढे में शव फेंकने की आशंका जताई है। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया जा रहा है।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले व्यक्ति पिछले लगभग 17 साल से टीला मोड़ क्षेत्र की इरशाद गार्डन गरीमा गार्डन कॉलोनी में रहते हैं और मजदूरी करते हैं। उनके तीन बच्चे थे। उनकी 7 वर्षीय सबसे बड़ी बेटी पास के ही मदरसे में एलकेजी की छात्रा थी। तीन नवंबर की शाम बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान उसकी मां ने उसे पढ़ाई को लेकर डांट दिया था। जिसके बाद वह नाराज होकर वहां से चली थी। जब वह देर शाम तक भी घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश की गई। आसपास और रिश्तेदारों में तलाशने पर बच्ची का कुछ पता नहीं चला। शाहीना के मामा ने बताया कि रात भर पूरा परिवार बच्ची की तलाश करता रहा और चार नंबर की सुबह सिकंदरपुर पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस ने बच्ची को तलाश करने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। इसके बाद उन्होंने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस दौरान वह कई बार पुलिस चौकी गए। शाम को लगभग साढ़े पांच बजे कॉलोनी में एक मकान पर खेल रहे बच्चों ने पास में ही खाली पड़े प्लाट में बने गड्ढे में बच्ची का शव देखा। शोर मचने पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और बच्ची को पानी से भरे गड्ढे से बाहर निकाला गया। बच्ची पूरी तरह से नीली पड़ी हुई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची के मामा का कहना है कि गड्ढा ढाई फुट का है और बच्ची का कद चार फुट है, वह डूब कैसे सकती है।परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने और वारदात को छुपाने के लिए पानी से भरे गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल कराया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या के बिंदु पर भी छानबीन की जा रही है। तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
–पोस्टमार्टम में देरी का आरोप
बच्ची के मामा ने बताया कि बच्ची का शव लगभग 24 घंटे बाद मिल गया था। जिसके बाद पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की और चार नंबर को पोस्टमार्टम के लिए आनाकानी की गई। दोपहर में दो बजे बच्ची के पोस्टमार्टम से संबंधित कागजात पहुंचे। शाम के समय डॉक्टरों का पैनल आया। मामा का आरोप है कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम अगले दिन पर टालने का प्रयास कर रही थी।



