अपराधउत्तर प्रदेशगाज़ियाबादमहानगर

कार हटाने के लिए कहने पर आयकर निरीक्षक पर जानलेवा हमला

सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हुई वारदात, हमलावर गिरफ्तार
बढ़ रहा है कार में हथियार रखने का चलन

सूर्या बुलेटिन

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में हापुड़ चुंगी के पास सीजीओ कॉम्प्लेक्स में कार को रास्ते से हटाने को लेकर विवाद में जीएसटी अधिकारी के कार चालक ने आयकर निरीक्षक को नुकीली वस्तु से वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद चालक ने आयकर निरीक्षक को जान से मारने का भी प्रयास किया। चीख पुकार मचने पर जमा हुई भीड़ ने आयकर निरीक्षक को बचाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
आयकर निरीक्षक डालचंद के अनुसार 28 अगस्त को किसी काम से सीजीओ कॉम्पलेक्स गए थे। दोपहर में लगभग तीन बजे जब वह वहां से वापस आने लगे तो उनकी कार से आगे जीडीएसटी अधिकारी की कार खड़ी थी। कार में चालक पवन मौजूद था, उन्होंने चालक से गाड़ी हटाने के लिए कहा। इस पर चालक ने उनके साथ अभद्रता करना शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर पवन ने उन पर हमला बोल दिया और धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। पवन ने उनसे सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गिर गए। इसके बाद पवन उनके ऊपर बैठ गया उन पर वार करने लगा। जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। शोर मचने पर उनके साथी आयकर निरीक्षक आ गए और उन्हें पवन से बचाया। जिसके बाद पवन उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। डालचंद के अनुसार जीएसटी कार्यालय के लोगों ने बताया कि पवन पहले भी इस तरह की मारपीट कर चुका है और कई बार उसे निकाला भी जा चुका है। डालचंद की ओर से पवन के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया क‌ि आयकर निरीक्षक डालचंद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
–आए दिन होता है रोडरेज
वाहनों के आपस में टकराने और रास्ते से वाहन हटाने को लेकर आए दिन मारपीट की वारदात होती हैं। विजय नगर, नंदग्राम, इंदिरापुरम, खोड़ा क्षेत्र में पिछले एक महीने के दौरान की इस तरह से 8 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। साहिबाबाद क्षेत्र के शहीद नगर में स्कूटी में टक्कर लगने पर कुछ युवकों ने कार सवार युवक पर जानलेवा हमला किया था। इसके अलावा कौशांबी थाना क्षेत्र में रास्ते से कार हटाने को लेकर दबंगों ने महिला डॉक्टर और उनके परिवार पर हमला बोल दिया था।
–कार में हथियार रखने का चलन बढ़ा
कार में खास तौर पर बड़ी कारों में इन दिनों कार में लाठी, डंडा, हॉकी, बेसबॉल स्टिक और लोहे की रॉड रखने का भी चलन बढ़ रहा है। हालांकि पुलिस के चेकिंग अभियान के दौरान सामान्य तौर पर कार में रखे इस तरह के हथियारों की जांच नहीं होती है। पुलिस चेकिंग के नाम पर केवल कागज, ब्लैक ग्लास और सीट बेल्ट की जांच करती है।
–वर्जन
पुलिस के चेकिंग अभियान के दौरान कारों की पूरी तरह से जांच की जाती है और कार से कुछ भी गलत मिलने पर कार्रवाई भी का जाती है। कार में डंडा आदि रखना अवैध है। इस तरह के दर्जनों मामलों में कार्रवाई की गई है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
–आलोक प्रियदर्शी, एडिशनल सीपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button