अपराधउत्तर प्रदेशगाज़ियाबादमहानगर

एसीपी कार्यालय के सामने पेड़ से लटका मिला युवक का शव

ऑटो चालक का शाम को हुआ था दोस्तों से झगड़ा, सुबह पेड़ से लटका शव मिला
परिजनों ने लगाया हत्या करके शव को पेड़ से लटकाने का आरोप
सूर्या बुलेटिन

गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एसीपी कार्यालय के सामने पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ऑटो चलाता था और शुक्रवार शाम उसका अपने साथियों से झगड़ा भी हुआ था, लेकिन पुलिस चौकी से दोनों पक्षों को वापस भेज दिया गया था। मामले में युवक के परिजनों ने उसकी हत्या करके शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में एसीपी कार्यालय के सामने शनिवार सुबह एक युवक का पेड़ पर लटका शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पेड़ से युवक का शव लटका मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैली और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक उसकी ही शर्ट के बने फंदे से लटका हुआ था। युवक की पहचान पसोंडा स्थित इकबाल कॉलोनी में रहने वाले आसिफ (22) के रूप में हुई। आसिफ अपने पिता रियादुद्दीन, मां और दो भाइयों के साथ रहता था। उसके भाई शकील मलिक ने बताया कि आसिफ ऑटो चलाता था और उसी इलाके में रहने वाले एक अन्य ऑटो चालक व 8-10 युवकों के संपर्क में रहता था। आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वे लोग नशा करते समय आसिफ से रुपए छीनना चाह रहे थे। रुपए न देने पर उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। इस संबंध में परिजनों ने तुलसी निकेतन पुलिस चौकी पर शिकायत भी की थी, मगर कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया। इसके बाद से ही आसिफ घर नहीं लौटा। रातभर घरवाले उसकी तलाश करते रहे और सुबह उसकी मौत की सूचना मिली। शकील का आरोप है कि दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे।
मां पहुंची थीं चौकी पर
आसिफ की मां का कहना है कि जब उन्हें बेटे से मारपीट और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी मिली, तो वे तुलसी निकेतन चौकी पहुंचीं। वहां उन्हें बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और उनका बेटा वहां से चला गया है। लेकिन, इसके बाद वह घर नहीं लौटा और अगली सुबह उसका शव मिला।
झगड़े को लेकर अलग-अलग दावे
परिजनों का कहना है कि झगड़ा घर के आस-पास ही हुआ था। जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद दिल्ली के सुंदर नगरी में हुआ था। इसके बाद वे तुलसी निकेतन चौकी पर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें दिल्ली जाकर शिकायत दर्ज कराने और मेडिकल कराने की बात कही थी।
–वर्जन
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
–अतुल कुमार सिंह, एसीपी, शालीमार गार्डन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button