इंदिरापुरम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा शातिर लुटेरा
लूटी गई चेन को पिघलाकर बनाई गई टिक्की बरामद
सूर्या बुलेटिन
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक के अलावा सोने की टिक्की बरामद हुई है, जो उसने छीनी गई चेन को पिघलाकर बनाई थी। पुलिस ने बदमाश को अस्पताल में भर्ती करवाया है। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ ट्रांस हिंडन क्षेत्र के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि इंदिरापुरम थाना पुलिस शनिवार रात में वसुंधरा सेक्टर दो ए पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की बाइक को रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार मोड़कर खाली मैदान की तरफ भाग निकला, लेकिन आगे रास्ता न होने की वजह से दूसरी दिशा में भागने की कोशिश और बाइक मोड़ते समय अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। खुद को घिरता देखकर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जबावी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और वह पकड़ा गया। पकड़े गए बदमाश का नाम यामीन निवासी वेलकम दिल्ली है। पूछताछ में यामीन ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कुछ दिन पहले प्रहलाद गढ़ी में एक महिला के गले से चेन खींची थी। वहीं साहिबाबाद क्षेत्र में भी वारदात की थी। चेन को पिघलाकर उसकी टिक्की बना ली थी। एसीपी ने बताया कि यामीन के पास से एक तमंचा, कारतूस, पीली धातु की टिक्की और एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। बरामद बाइक उसने कुछ दिन पहले इंदिरापुरम क्षेत्र से ही चोरी की थी।
सुनसान इलाकों में करते थे वारदात
एसीपी के अनुसार पुछताछ में यामीन ने बताया वह अपने साथी के साथ दिन भर ट्रांस हिंडन क्षेत्र में घूमता था और सुनसान रास्ते पर मिलने वाले महिला से चेन और पुरुष से मोबाइल छीन लेते थे। लूटे गए माल को बेचकर मिले रुपयों से वह अपने शौक पूरे करते थे। मोबाइल को वह राह चलते लोगों को बेच देते थे और चेन को पिघला कर उसकी टिक्की बना लेते थे और किसी सुनार को बेच देते थे। शनिवार की रात में भी वह किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से क्षेत्र में घूम रहा था।



